नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विद्युत मण्डल के पेंशनर्स और फेमिली पेंशनर्स द्वारा अपनी दो प्रमुख मांगों—पेंशन की गारंटी और केंद्र सरकार द्वारा घोषित मंहगाई राहत के भुगतान—को लेकर आज 11 फरवरी 2026 को दाना ओली फ्युज काल केन्द्र, भारत माता चौराहे पर एक दिवसीय धरना/आंदोलन आयोजित किया गया। विद्युत पेंशनर्स संगठन के जिला उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश स्तर पर चार प्रमुख पेंशनर संगठनों ने संयुक्त संघर्ष मोर्चा का गठन किया है और क्रमबद्ध आंदोलन चलाए जा रहे हैं। इसके पहले चरण में 23 दिसंबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण आज वृत्त स्तर पर धरना संपन्न हुआ। आंदोलन में जावद, रतनगढ़, मनासा, रामपुरा, कुकडेश्वर, जीरन और नीमच के पेंशनर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धरना स्थल पर प्रमुख वक्ताओं ने पेंशनर्स की मांगों और आगे के चरणों में कंपनी मुख्यालयों और भोपाल में होने वाले धरनों की जानकारी दी। समापन के बाद अधीक्षण अभियंता नीमच के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया और पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। सभा का समापन पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामसुन्दर बैरागी ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त करते हुए किया।