नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला स्तरीय शिक्षकीय समस्याओं के निराकरण को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। संगठन ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान पिछले छह माह से लंबित है, जिससे पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी कर्मचारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद प्रकरण लंबित रहने पर संघ ने नाराजगी जताई। बैठक में उच्च परीक्षा में बैठने की अनुमति तथा 12 व 24 वर्ष के क्रमोन्नत वेतनमान से वंचित शिक्षकों के आदेश जारी करने का मुद्दा भी उठाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि पेंशन प्रकरणों पर आवश्यक पत्र जारी कर अनावश्यक परेशानियों को रोका जाएगा तथा 17 फरवरी तक प्रस्ताव मंगवाकर समिति से परीक्षण उपरांत शीघ्र आदेश जारी किए जाएंगे। इस दौरान जिला अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अनिल कुमार तोतला ने दी।