नीमच में डांसिया विद्युत ग्रिड का भूमिपूजन, विधायक परिहार ने कही ये बड़ी बातें | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ । नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डांसिया में 1 करोड़ 69 लाख की लागत से बनने वाले नवीन विद्युत ग्रिड का भूमिपूजन विधायक दिलीपसिंह परिहार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और अब बिजली के मामले में मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर हो चुका है। किसान सिंचाई के लिए 10 घंटे और घरों में 24 घंटे बिजली पा रहे हैं। नए ग्रिड लगने से बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित होगी और जल्द ही नए बिजली कनेक्शन मात्र 5 रुपये में मिलेंगे। परिहार ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसान की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती के साथ औषधिमूलक फसलें अपनाने और पशुपालन करने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश सरकार गाय, भैंस और बकरी पालन के लिए सब्सिडी दे रही है। उन्होंने जी-राम-जी योजना, सड़क निर्माण, उद्योग विकास, सोलर प्लांट और कुटीर उद्योग जैसी अनेक योजनाओं का भी विवरण दिया। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, उपाध्यक्ष अर्जुनसिंह सिसोदिया सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लिया। विधायक परिहार ने सभी को गांवों के विकास और ग्रामीण कल्याण के लिए सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

Top