नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा 13 फरवरी शुक्रवार को वार्ड क्र. 23 में 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि थे, जबकि नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। वार्ड के स्कीम नंबर 7 स्थित कालका माता मंदिर परिसर में डोम का लोकार्पण और सीसी रोड व नाली निर्माण का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमाल, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष हेमंत हरित, सांसद प्रतिनिधि आलोक मालू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
डोम निर्माण के लिए विधायक परिहार द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना अंतर्गत 20 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए थे। वहीं, नगर पालिका ने 14.59 लाख रुपये की लागत से याकूब चाचा के मकान से बबलू यादव के मकान तक सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य करवाया। विधायक परिहार ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर विकास कार्य कर रही है और शहर में छह स्थानों पर डोम बनाए गए हैं ताकि लोगों को शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों में सुविधा मिले। उन्होंने मंदिर में भजन कीर्तन के लिए महिला मंडली को माइक व ढोल मजीरे हेतु 25,000 रुपये स्वीकृत करने की घोषणा भी की। नपाध्यक्ष चोपड़ा ने कहा कि शहर विकास का संकल्प लेकर विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लिया।