नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विजया एकादशी के पावन अवसर पर खाटू श्याम जी मित्र मंडल जमुनिया खुर्द द्वारा गांव जमुनिया खुर्द से खाटू श्याम मंदिर नीमच तक पैदल निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा सुबह 9 बजे श्री राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई और गांव के मुख्य चौराहे, शाकंभरी माता मंदिर, बालाजी मंदिर एवं ग्राम पंचायत के सामने से होती हुई मंदिर तक पहुँची। इस दौरान रथ में विराजित खाटू श्याम जी की झांकी सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रही।
यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला और पुरुष ने भाग लिया। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। महिलाएं डीजे की धुन पर झूमते हुए नाच-गान के माध्यम से यात्रा का आनंद लेती रहीं। यात्रा के आयोजन में श्री श्याम किराना और मित्र मंडल जमुनिया खुर्द ने विशेष योगदान दिया। आयोजन में शामिल सभी भक्तजनों ने इस धार्मिक उत्सव का आनंद लिया और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने ग्रामवासियों में उल्लास और भक्ति की भावना को चरम पर पहुँचाया।