नीमच में सीएमओ का औचक निरीक्षण: हाजिरी सेंटर पर स्ट्राइक, कर्मचारियों के वेतन में कटौती के निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ)  दुर्गा बामनिया ने सोमवार 16 फरवरी को दोपहर 3 बजे अचानक सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उनके साथ स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज भी मौजूद थे। सीएमओ ने 14 से अधिक वार्डों का भ्रमण करते हुए हाजिरी सेंटरों पर कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन स्वच्छता पर्यवेक्षकों के वार्डों में कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए और जो स्वयं मौके पर नहीं पहुंचे, उनके एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।

साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने का आदेश भी दिया गया। बामनिया ने नीमच सिटी के वार्ड क्रमांक 1 से 6, 9 से 11, 14, 28, 29 और 30 में अचानक पहुंच कर हाजिरी सेंटरों पर “स्ट्राइक” की और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। पीपली चौक, नीमच कैंट प्राइवेट बस स्टैंड, महू रोड, हुड़को कॉलोनी, विकास नगर सहित अन्य क्षेत्रों का भी दौरा किया। सीएमओ ने कर्मचारियों को कचरा इधर-उधर फेंकने से रोकते हुए निर्धारित स्थान पर एकत्रित करने और समय पर उठाने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रेस कोड में उपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। इस निरीक्षण से कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ी और सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Top