नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रविवार को जिला जेल नीमच (कनावटी) में श्री जोगणिया मित्र मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मारुति रामायण मंडल के संचालक एवं भजन गायक विनोद भैया (राठौर) ने भगवान भोलेनाथ, श्री राम, श्री कृष्ण और अन्य देवी-देवताओं के भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। जेलर श्री राणा की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ के चित्र की पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया गया। भजन संध्या देर शाम तक चली और अंत में कैदियों को प्रसादी वितरित की गई। वहीं, ग्वालटोली में प्रजापति वरदिया समाज का 28वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 19 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष समाज के 11 जोड़े विधि-विधान से परिणय सूत्र में बंधेंगे। कार्यक्रम श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में होगा और इसमें नीमच, इंदौर, उज्जैन, महू और अन्य शहरों के समाजजन भाग लेंगे। 18 फरवरी को राष्ट्रीय संगोष्ठी और 19 फरवरी को विवाह संस्कार सहित प्रमाण-पत्र वितरण एवं विदाई समारोह भी आयोजित किया जाएगा।