नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत ग्राम बिसलवास कला के युवा उद्यमी संस्कार पाटीदार ने मसाला प्रसंस्करण उद्योग स्थापित कर सफलता की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने 12.24 लाख रुपये की लागत से “श्री उत्सव मसाला उद्योग” की स्थापना की, जिसमें उद्यानिकी विभाग का सहयोग मिला।इस इकाई के लिए बैंक ऑफ इंडिया से 9.80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जबकि शासन की ओर से 4.28 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।
संस्कार पाटीदार अपने ब्रांड “अग्निपुष्प” नाम से अजवाइन एवं अन्य मसालों का प्रसंस्करण कर स्थानीय बाजार सहित उदयपुर और जयपुर (राजस्थान) में विक्रय कर रहे हैं। इससे उन्हें प्रतिवर्ष 8 से 10 लाख रुपये की आय हो रही है। उन्होंने न केवल स्वयं का रोजगार सृजित किया, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में अब तक 205 हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित किया जा चुका है, जिससे नीमच जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है।