मध्य प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पेश किया 2026–27 का बजट, किसानों और युवाओं के लिए कई घोषणाएं | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | भोपाल मध्य प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश किया। यह डॉ. मोहन यादव सरकार का तीसरा और वित्त मंत्री देवड़ा का सातवां बजट है। बजट पेश करते हुए देवड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम देना है और युवाओं एवं किसानों के लिए विशेष योजनाओं पर जोर दिया गया है। बजट में 1 लाख किसानों को सोलर पंप देने की घोषणा की गई। लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोई नया टैक्स नहीं लगेगा और यह बजट पीएम के सपनों को साकार करने वाला है। सदन में कांग्रेस विधायकों ने बजट भाषण के दौरान हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने विधायक निधि बढ़ोतरी न किए जाने और राज्य के बढ़ते कर्ज के विरोध में खाली डिब्बे और गुल्लक लेकर विरोध प्रदर्शन किया। तख्तियों पर लिखा था, “कर्ज बजट से ज्यादा है, फिर आप कहते हैं सब ठीक है।” विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधायकों को शांत रहने और अपनी सीट पर बैठने के निर्देश दिए। बजट में रोजगार, युवाओं के लिए स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर खास ध्यान दिया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर युवा को काम मिले और प्रदेश में विकास की गति तेज रहे।

Top