नीमच टुडे न्यूज़ | कांग्रेस की लापरवाही के चलते प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन कार्यक्रम हादसे में बदल गया। आग की लपटें अनियंत्रित होकर पास खड़ी साइकिल तक पहुंच गईं और देखते ही देखते बघाना निवासी बबलू पिता मोहनलाल की साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक साइकिल खाक हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसकी वजह से आग फैल गई। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा है कि पीड़ित को नई साइकिल दिलाई जाएगी और हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।