मदद के बहाने महिला की इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर युवक फरार, बघाना रेलवे फाटक पर दिनदहाड़े वारदात | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर के बघाना थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के समीप दिनदहाड़े एक महिला के साथ ठगी की वारदात सामने आई है। निर्माणाधीन ब्रिज और उबड़-खाबड़ सड़क का फायदा उठाकर एक युवक मदद के बहाने महिला की इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार राजकुमारी गुर्जर अपने पति को चौकन्ना बालाजी चौराहे पर छोड़कर टीवीएस आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रही थीं। रेलवे फाटक के पास सड़क खुदी होने और ऊँचे टेपर के कारण आवागमन बाधित था। स्कूटी निकालने में दिक्कत होने पर उन्होंने पास खड़े एक युवक से सहायता मांगी। युवक ने स्कूटी संभालने का भरोसा दिलाया, लेकिन मौका मिलते ही वाहन लेकर तेज रफ्तार से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा करने की कोशिश की, परंतु आरोपी हाथ नहीं आया। डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Top