नीमच में देर रात डीजे बजाना पड़ा भारी, कैंट पुलिस ने की जब्ती और गिरफ्तारी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रशासन की सख्त चेतावनी के बावजूद देर रात डीजे बजाना आयोजकों को महंगा पड़ गया। थाना नीमच कैंट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने पूर्व में होटल संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों की बैठक लेकर स्पष्ट किया था कि रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके बावजूद शास्त्री नगर में एक विवाह समारोह के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों को परेशानी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोलाहल अधिनियम के तहत रात करीब 11:30 बजे विजेश पुत्र राजाराम बावरी और नरेंद्र पुत्र शंकरलाल बावरी को गिरफ्तार किया। वाहन व डीजे उपकरण भी जब्त किए गए। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जारी निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना 112 पर देने की अपील की है।

Top