नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के सिटी थाना क्षेत्र स्थित यादव मंडी में देवी प्रकोप का भय दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। 9 फरवरी की शाम एक अज्ञात महिला ने कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष गजेंद्र यादव की पत्नी सुगना बाई के घर पहुंचकर अनहोनी और देवी प्रकोप का डर पैदा किया। आरोपी महिला ने ‘उपाय’ के नाम पर घर के आभूषण अलग रखने को कहा और मौका मिलते ही एक सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके और चांदी की पायजेब लेकर फरार हो गई। घटना के 11 दिन बाद, 20 फरवरी को सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।