नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में माह के अंतिम रविवार को कांग्रेस सेवादल द्वारा नियमित ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता Mahatma Gandhi की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। सेवादल एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती और सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर गजेंद्र यादव ने जानकारी दी कि आगामी माह से प्रत्येक अंतिम रविवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देना और संगठन की सक्रियता को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में मोनू लोक्स, बृजेश मित्तल, अरविंद चोपड़ा, मुकेश कालरा, पृथ्वी सिंह वर्मा, जावेद दुर्रानी, श्रीराम शिवहरे, बेबी मेहरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।