नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश के नीमच जिले अंतर्गत रतनगढ़ में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत विशेष दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। नगर परिषद रतनगढ़ के वीरेंद्र कुमार सखलेचा सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा रहे। शिविर जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जिला चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर में कुल 184 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। विभिन्न श्रेणियों में दिव्यांगजनों की जांच कर प्रमाण-पत्र जारी किए गए, जिनमें अस्थि बाधित, तंत्रिका तंत्र, मानसिक, दृष्टि व श्रवण बाधित सहित अन्य श्रेणियां शामिल रहीं। बस पास हेतु भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सुबह 10 से शाम 5 बजे तक जांच कर त्वरित प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन भरत कुमार भाटी ने किया एवं आभार दीपक कारपेंटर ने व्यक्त किया। आगामी शिविर विभिन्न नगरीय निकायों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगे।