नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना के तहत मध्यान भोजन प्रदान करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों की स्थिति चिंताजनक हो गई है। समूह संचालक और महिला रसोइया तीन माह से भोजन पकाने की लागत राशि नहीं मिलने के कारण कर्ज में डूबते जा रहे हैं। समय पर भुगतान न मिलने से महिलाएं कर्ज लेकर ही योजना चला रही हैं, जबकि महंगाई के इस दौर में किराना, मसाले, तेल, दूध, हरी सब्जियां और ईंधन जैसी सामग्री खरीदना मुश्किल हो गया है। महिला स्वयं सहायता समूह संगठन की प्रदेश अध्यक्ष माया मनोहर बैरागी और प्रदेश प्रवक्ता सोना भरत प्रजापत अठाना ने बताया कि यदि बकाया राशि का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 1 मार्च 2026 से पूरे प्रदेश में चूल्हा बंद हड़ताल की जाएगी। संगठन ने सरकार और प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, रसोइया का मानदेय सुनिश्चित करने और निःशुल्क बीमा की व्यवस्था की मांग की है।