नीमच टुडे न्यूज़ | मध्य प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी एम्पलाइज यूनियन (शाखा नीमच) ने अपने आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण और वेतन सुधार को लेकर कलेक्टर नीमच एवं राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर और जिला अध्यक्ष रमेश गरासिया ने ज्ञापन में कहा कि विधानसभा में माननीय ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण पर कोई योजना नहीं होने की जानकारी दी। यूनियन ने भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने वादा किया था कि आउटसोर्स कर्मियों को केंद्र सरकार के समान वेतन और नियमितीकरण मिलेगा। ज्ञापन में यह भी उठाया गया कि विभाग द्वारा दुर्घटना बीमा के बावजूद नीमच में किसी कर्मचारी के परिवार को अब तक बीमा राशि नहीं मिली। यूनियन ने मांग की है कि सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए, न्यूनतम वेतन 30,000 रुपये मासिक तय किया जाए और दुर्घटना बीमा 50 लाख रुपये प्रति व्यक्ति सुनिश्चित किया जाए।