नीमच टुडे न्यूज़ | ग्राम भाटखेड़ी तहसील मनासा निवासी पुजाबाई बंजारा ने कलेक्टर को आवेदन देकर निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति के एक्सीडेंट के बाद रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन श्रीराम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में कराया गया, जहां वे 11 दिन भर्ती रहे। पीड़िता के अनुसार आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक मुफ्त उपचार का प्रावधान होने के बावजूद अस्पताल ने 1 लाख 50 हजार रुपये नगद लिए और आयुष्मान कार्ड से भी राशि निकाली। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने मरीज का अलग से बीमा भी करवाया हुआ है, जिसकी क्लेम प्रक्रिया पूरी करने के लिए अस्पताल के इलाज संबंधी बिल और दस्तावेज जरूरी हैं। लेकिन जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बिल मांगे तो उन्हें साफ तौर पर देने से इनकार कर दिया गया। इस संबंध में उन्होंने 20 फरवरी को थाना नीमच केन्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। अब पीड़ित ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर बिल उपलब्ध कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी हो सके।