नीमच के ग्वालटोली में गूंजा श्री श्याम संकीर्तन, फाग महोत्सव में भजनों पर झूमे श्रद्धालु | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में द्वितीय फाग महोत्सव के तहत ग्वालटोली स्थित लाल घाटी खेल मैदान पर मंगलवार रात भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। श्री श्याम परिवार मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम रात 8:30 बजे शुरू हुआ और देर रात तक भक्ति की रसधार बहती रही। “करने वाला श्याम, कराने वाला श्याम” की भावना के साथ आकर्षक फूलों और सजावटी सामग्री से सुसज्जित श्याम दरबार में शीश के दानी बाबा श्याम की मनोहारी प्रतिमा विराजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

इसके बाद भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा सखी (पटियाला) और अजय पाटीदार (मंदसौर) सहित अन्य कलाकारों ने मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। फाग के रंग में रंगे श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे और देर रात तक नृत्य करते रहे। इस अवसर पर बाबा को 56 भोग अर्पित किया गया, पावन ज्योत प्रज्वलित की गई तथा पुष्प, इत्र और गुलाल की वर्षा की गई। आयोजन की व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भक्ति का आनंद लिया। अंत में आयोजक मंडल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Top