नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच वनमंडल नीमच में वन अपराध प्रकरण संख्या 3552/19 (22.01.2026) को लेकर आदिवासी समाज में भारी रोष देखने को मिला। आरोप है कि प्रभारी उपवनमंडलाधिकारी ने मीडिया दबाव में नियमों को दरकिनार करते हुए 24 जनवरी की शाम ग्राम तरोली में हेमराज भील के घर सर्च कार्रवाई की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सर्च वारंट जारी करने का अधिकार सक्षम अधिकारी को होता है, जबकि इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। आदिवासी समाज ने आरोप लगाया कि हेमराज भील को बिना समुचित सूचना के हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई के विरोध में आज बड़ी संख्या में आदिवासी वनमंडल कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और हेमराज भील को निर्दोष घोषित कर रिहा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर अधिकारी आकर संवाद नहीं करेंगे तो शाम तक प्रदर्शन उग्र रूप ले सकता है। खबर लिखे जाने तक धरना-प्रदर्शन जारी था।