37 वर्ष की सेवा पूर्ण कर राजेन्द्र उपाध्याय आज सेवानिवृत्त | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद नीमच में 37 वर्षों की दीर्घ एवं सराहनीय सेवा पूर्ण करने के बाद राशनकार्ड शाखा प्रभारी राजेन्द्र उपाध्याय आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने पर नगरपालिका परिवार में मिश्रित भावनाएं देखी जा रही हैं। सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताया। उपाध्याय ने अपने सेवाकाल के दौरान सामान्य प्रशासन, जलकल, राजस्व तथा राशनकार्ड शाखा सहित विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। विशेष रूप से राशनकार्ड शाखा में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई। नगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि उनका व्यवहार सदैव सहयोगात्मक रहा और उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभागीय कार्यों को गति दी। सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित कर उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Top