नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर के तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री बावड़ी वाले बालाजी मंदिर में चार दिवसीय रंग-रंगीले फाग महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। महोत्सव के द्वितीय दिवस भगवान नीमच नरेश की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। दोपहर 3 बजे नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात पालकी यात्रा प्रारंभ हुई। डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान नीमच नरेश पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची।
सबसे आगे डीजे पर खाटू श्याम के भजनों की स्वर लहरियां गूंज रही थीं, जिन पर श्रद्धालु भक्त झूमते नजर आए। पीले पीताम्बरी वस्त्रों में सजे भक्तों ने कंधों पर पालकी उठाकर भक्ति भाव से यात्रा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर फाग उत्सव की खुशियां बांटी। रात्रि लगभग 8:30 बजे खाटू श्याम बाबा मंदिर में आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर और सड़कों पर गुलाल की रंगत से पूरा शहर उत्सवमय हो उठा।