सीईओ अमन वैष्णव ने अमृत सरोवर निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण, नीमच सिटी में आयुष चिकित्सा शिविर में 92 मरीजों ने लिया लाभ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने गुरुवार को उपखंड नीमच क्षेत्र के ग्राम पंचायत फोफलिया, हरवार एवं कोठडी इस्तमुरार में प्रस्तावित अमृत सरोवर निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृत सरोवर का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए।फोफलिया में चिन्हित स्थल को उपयुक्त बताते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

वहीं हरवार में चयनित स्थल को अनुपयुक्त मानते हुए नया स्थल चयनित करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए। कोठडी इस्तमुरार में प्रस्तावित तालाब की जल भराव क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान आरईएस, जनपद पंचायत एवं मनरेगा के अधिकारी उपस्थित रहे। इसी दिन आयुष विभाग द्वारा शासकीय आयुर्वेद औषधालय, नीमच सिटी में वरिष्ठ नागरिकों हेतु निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 92 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीपी व शुगर जांच के साथ निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। चिकित्सकों एवं आयुष स्टाफ ने सेवाएं प्रदान कीं।

Top