गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन करवाएं, केन्द्रों पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित हों — कलेक्टर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  अमन वैष्णव सहित विपणन, आपूर्ति एवं सहकारी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर  चंद्रा ने निर्देश दिए कि जिले के सभी किसानों को प्रेरित कर गेहूं उपार्जन हेतु अधिक से अधिक पंजीयन कराया जाए। उन्होंने सभी उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के बैठने, छाया, पेयजल तथा भुगतान आधारित चाय-नाश्ता स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही केन्द्रों पर लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनर, इन्वर्टर सहित आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसान ग्राम पंचायत, लोक सेवा केन्द्र, कियोस्क या साइबर कैफे के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर ने बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, हम्मालों की व्यवस्था, समय पर तुलाई, परिवहन एवं भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही उपार्जन केन्द्रों पर एफएक्यू मानकों की जानकारी वाले बैनर प्रदर्शित करने और ई-उपार्जन पोर्टल पर समितियों की प्राथमिकता अनुसार मैपिंग करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Top