नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नवीन कृषि उपज मण्डी चंगेरा में 3 मार्च 2025 को करंट लगने से हुई मनोज यादव (पिता: नरसिंह यादव) की असामयिक मृत्यु के मामले में मृतक के भाई त्रिलोक प्लास ने जिला कलेक्टर से आर्थिक सहायता की मांग की है। त्रिलोक ने बताया कि मण्डी में बनाए जा रहे गोडाउन क्र.1 से 22 की ऊंचाई 26 फीट है, जबकि विद्युत मण्डल के नियम अनुसार 11 केवी बिजली लाइन के पास भवन की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट होनी चाहिए। निर्माण के दौरान सुरक्षा उपकरण और नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे मनोज यादव की मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि नियोजक और विद्युत मण्डल दोनों ही लापरवाही के दोषी हैं। इस घटना से परिवार बहुत आहत है और बाद में मां की भी मृत्यु हो गई। त्रिलोक ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया है कि निर्माण की तकनीकी जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।