भीलवाड़ा सेमिनार में नीमच के पास टेक्सटाइल पार्क का प्रस्ताव, बड़े उद्योग समूहों ने दिखाई निवेश में रुचि | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राजस्थान के वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में गुरुवार को “इन्वेस्ट इन एमपी” के तहत आयोजित इंटरेक्टिव सेशन में नीमच के पास टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क की स्थापना का प्रस्ताव सामने आया। कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थान के उद्योगपतियों, विशेषकर टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़े निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने का आमंत्रण दिया और राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर लॉजिस्टिक्स और पारदर्शी प्रशासन को निवेश के लिए अनुकूल बताया।

उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि नीमच का स्थान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राजस्थान और मध्यप्रदेश दोनों के लिए सीमावर्ती जिला होने के साथ ही भीलवाड़ा से मात्र 110 किमी की दूरी पर और नेशनल हाईवे 42 से अच्छी कनेक्टिविटी रखता है। नीमच के झांझरवाड़ा में विश्वेस्वरा डेनिन, स्वराज शूटिंग्स और सोनयाना क्षेत्र में सोनयाना टेक्सटाइल, साथ ही मोरवन में सुविधि रेयांश टेक्सटाइल यूनिट जैसी इकाइयां पहले से कार्यरत हैं। उद्योग जगत ने कहा कि संगठित टेक्सटाइल पार्क विकसित होने पर फैब्रिक, सूटिंग, टेक्निकल टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में बड़े निवेश आ सकते हैं। भीलवाड़ा के संगम, सुविधा, कंचन और एलएनजे समूहों से भी निवेश की चर्चा चल रही है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार टेक्सटाइल सेक्टर में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विशेष रियायतें और सहयोग प्रदान कर रही है।

Top