मनासा में स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद, मारपीट की धमकी; थाने में शिकायत दर्ज | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के मनासा नगर में स्कूटी से हुई टक्कर के बाद विवाद का मामला सामने आया है। नगरपालिका कर्मचारी अर्जुन दुर्गज ने मनासा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी अर्जुन दुर्गज के अनुसार 27 फरवरी की शाम उनके अंकल विनोद दुर्गज सड़क से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी सवारों ने गलती मानने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। शिकायत में बताया गया कि अगले दिन कोर्ट के सामने स्थित विकास खंड परिसर में श्यामलाल माली, हरीश माली, प्रकाश माली और ताराचंद माली ने प्रार्थी, उसके भाई एवं अन्य परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। घटना के बाद परिवार में भय और तनाव का माहौल बन गया। हादसे में घायल विनोद दुर्गज को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उनके सीने और पीठ में आई चोटों का इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने मनासा थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Top