मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बस हड़ताल स्थगित, नीमच जिले में निजी बसों का संचालन हुआ सामान्य | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला प्राइवेट बस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उज्जैन संभाग अध्यक्ष गोविंद बाहेती के नेतृत्व में भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान जिले सहित प्रदेश में प्रस्तावित बस हड़ताल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में लगभग 20 सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने परिवहन व्यवसाय से जुड़ी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। भोपाल में आयोजित बैठक के दौरान यात्रियों की सुविधा और प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बस हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। देर रात हुई चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया, जिसके चलते प्रस्तावित हड़ताल टाल दी गई। हड़ताल स्थगित होने के बाद आज नीमच जिले में सभी प्राइवेट बसों का संचालन पुनः नियमित रूप से शुरू हो गया। बसों के संचालन सामान्य होने से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को बड़ी राहत मिली है। बस एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार से सकारात्मक चर्चा हुई है और समस्याओं के समाधान को लेकर आश्वासन मिला है। वहीं प्रशासन ने भी यात्रियों की सुविधा बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की है।

Top