सीएमओ दुर्गा बामनिया ने शहर की गलियों में किया स्वच्छता निरीक्षण, सड़क पर बंधे पशु पकड़वाकर भेजे गौशाला | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ)  दुर्गा बामनिया ने जिला कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे शनिवार स्वच्छता अभियान के तहत 28 फरवरी को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य सड़कों के साथ छोटी-छोटी गलियों में पहुंचकर सफाई कार्य की स्थिति देखी और लापरवाही मिलने पर कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नियमित सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वात्सल्य भवन के बाहर विद्युत डीपी के पास सड़क पर पशु बंधे पाए गए तथा आसपास गंदगी देखी गई।  इस पर सीएमओ ने तत्काल पशु वाहन बुलवाकर पशुओं को गौशाला भिजवाया और पशु मालिक को भविष्य में वहां पशु न बांधने की चेतावनी दी। साथ ही मौके पर नाले की सफाई भी शुरू करवाई गई। सीएमओ ने वीर पार्क रोड, जैन भवन रोड, मिडिल स्कूल रोड, सिंधी कॉलोनी, लायंस पार्क चौराहा, दशहरा मैदान सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर निर्माण मलबा मिलने पर संबंधितों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Top