नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर की प्राचीन एवं ऐतिहासिक होली स्थल कुम्हारा गली-दाना गली चौराहा और घंटाघर सहित नीमच के प्रमुख स्थानों पर इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च की मध्य रात्रि 1:30 बजे किया जाएगा। यह जानकारी कर्मकांडीय विप्र परिषद के अध्यक्ष पंडित राधेश्याम उपाध्याय एवं मंत्री पं. जगदीशप्रसाद शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि होलिका दहन के मुहूर्त को लेकर मतभिन्नता के चलते 22 फरवरी को घंटाघर स्थित बिचला गोपाल मंदिर में सर्वसमाज की बैठक आयोजित की गई थी। शास्त्रों के अनुसार भद्रा काल में होलिका दहन अशुभ माना जाता है, इसलिए भद्रा पुच्छ में दहन करना ही शास्त्रोक्त एवं जनहितकारी निर्णय लिया गया। इस वर्ष भद्रा 2 मार्च शाम 5:56 बजे से 3 मार्च सुबह 5:29 बजे तक रहेगी, जबकि भद्रा पुच्छ का समय रात्रि 1:26 से 2:30 बजे तक है। इसी आधार पर शहर में परंपरागत रूप से रात्रि 1:30 बजे होलिका दहन किया जाएगा।