नीमच टुडे न्यूज़ | चिताखेड़ा नीमच और आसपास के क्षेत्रों में होली के पर्व की शुरुआत होलिका दहन से होगी। ज्योतिषाचार्य पंडित शिवशंकर शर्मा के अनुसार श्रीधर पंचांग के अनुसार 2 मार्च सोमवार को सायं 6:38 बजे से रात्रि 8:52 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रहेगा। इसके बाद देर रात्रि 1:30 बजे के बाद भी दहन शुभ है, जबकि बीच का समय भद्रा काल होने के कारण अशुभ माना गया है। चंद्र ग्रहण 3 मार्च को केवल एक अंगुल के लिए दिखाई देगा, इसलिए नीमच और आसपास के क्षेत्रों पर इसका कोई प्रभाव नहीं रहेगा। स्थानीय गांवों में अलग-अलग 7-8 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जिनमें बड़ी होली चौक, माली मौहल्ला, बजरंग मंदिर के पास भटवाड़ा मौहल्ला, नीम चौक, इंदिरा आवास कॉलोनी, राजीव कॉलोनी और रेगर मौहल्ला प्रमुख हैं। होलिका दहन के बाद 4 मार्च को धुलेंडी के रंगों का त्योहार मनाया जाएगा। आयोजकों ने प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने की अपील की है। इस अवसर पर सरपंच मंजू जैन ने कहा कि होली गिले-शिकवे भुलाकर रिश्तों में मिठास लाने का पर्व है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा मांगरिया ने बताया कि होली में बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश मिलता है। जनपद पंचायत सदस्य सुनीता लबाना ने कहा कि प्राकृतिक रंगों से खेली गई होली जीवन में सकारात्मकता और प्रेम बढ़ाती है। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, और आयोजक पुलिस संपर्क में रहकर सभी आवश्यक इंतजाम कर रहे हैं।