नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जैन श्वेतांबर भीड़ भंजन पार्श्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में साध्वी वर्या उपेंद्र यशा श्री जी की निश्रा में रविवार को शत्रुंजय गिरिराज की संगीतमय भाव यात्रा और सिद्धाचल आदिनाथ पूजा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 9:15 बजे मिडिल स्कूल मैदान के समीप जैन भवन में आरंभ हुए कार्यक्रम में समाज जनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और पूजा पुण्यफल का आशीर्वाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सिरोही राजस्थान के मनोज भाई बाबू मल हरण ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ अक्षत आहुति दी। अनेक जोड़ों ने सामूहिक दीपक प्रज्वलित कर उत्सव में भाग लिया।
आदिनाथ की प्रतिमा पर अक्षत, श्रीफल और नैवेद्य अर्पित कर पूजा अर्चना की गई कार्यक्रम में शत्रुंजय के मधुर भजनों पर श्रद्धालु भक्तिमय होकर झूम उठे। सोने और चांदी के भाग्यशाली ड्रॉ के माध्यम से उपस्थितों का सम्मान किया गया। साथ ही धार्मिक चढ़ावे की बोली लगाकर समाज जनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई। आरती पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक दंपति, श्रद्धालु और भक्त शामिल हुए, जिन्होंने कार्यक्रम को भव्य और उल्लासपूर्ण बनाया। आयोजन से समाज में धार्मिक भावना, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश भी फैला।