नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विधानसभा सत्र के दौरान नीमच जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जीरन में सर्किट हाउस निर्माण, जेतपुरा-मनासा मार्ग पर ओवरब्रिज तथा विभिन्न ग्रामीण सड़कों के निर्माण की मांग की। उन्होंने सदन में कहा कि जिले की कई सड़कें दूरस्थ गांवों और राजस्थान को जोड़ती हैं, लेकिन उनकी स्थिति खराब होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने बिसलवास कलां स्टेशन-दारू मार्ग, दारू-हरनावदा, कनावटी-लेवड़ा, ग्वाल तालाब-पिराना, पुरानी से नई कृषि उपज मंडी मार्ग सहित मल्हारगढ़-जीरन और जीरन-हेलीपेड सड़क निर्माण की स्वीकृति की मांग रखी। साथ ही जेतपुरा चौराहे को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां शीघ्र ओवरब्रिज निर्माण आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि इससे हादसों में कमी आएगी और भादवामाता दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। विधायक ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का आभार भी व्यक्त किया।