नीमच सराफा बाजार में दिनदहाड़े लूट, 60 ग्राम सोना लेकर फरार बदमाश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर के सराफा बाजार में सोमवार  को दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आने से व्यापारियों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार मंगलम ज्वेलर्स के व्यापारी मनीष सिंघल के मुनीम करीब 60 ग्राम सोना पलटाई के लिए स्वास्तिक बुलियन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। कुछ समय बाद मुनीम गली के पास बेहोशी की हालत में मिले, जबकि उनके पास रखा सोना गायब था। सूचना मिलते ही व्यापारी मनीष सिंघल मौके पर पहुंचे और घायल मुनीम को तुरंत श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सराफा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Top