नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत नीमच जिले की सरवानिया महाराज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 3 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक विकास पटेल और चौकी सरवानिया महाराज पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस को 1 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ग्राम खेड़ा मोड़ी से नानपुरिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की गई। जांच के दौरान रोड़मल उर्फ रोडू सिंह सुरावत (40) निवासी रतनपुरिया के कब्जे से प्लास्टिक की थैलियों में भरी 3 किलो 500 ग्राम अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई। पूछताछ में अफीम उपलब्ध कराने वाले निर्भय सिंह उर्फ पप्पू निवासी खेड़ा मोड़ी का नाम सामने आया, जिसे भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में सरवानिया महाराज पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।