विधानसभा में उठा एक्स्पायरी फूड और अशुद्ध पानी से बनी आईस्क्रीम का मामला | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विधानसभा के तारांकित प्रश्न क्रमांक 3270 एवं शून्यकाल के दौरान नीमच जिले में एक्स्पायरी डेट के पैकेज्ड फूड और अशुद्ध पानी से बने खाद्य पदार्थों की सप्लाई का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि इस लापरवाही के कारण जिला जीबीएस वायरस की चपेट में आ सकता है विधायक परिहार ने सदन में बताया कि राजस्थान के चित्तौड़गढ़, उदयपुर और निम्बाहेड़ा मार्ग से एक्स्पायरी खाद्य सामग्री ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रही है, जिसकी पर्याप्त जांच नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही से बिना परीक्षण के खाद्य पदार्थ बाजार में खपाए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है। साथ ही उन्होंने पालसोड़ा क्षेत्र के ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को जल्द राहत देने की मांग भी की। मामले पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी शासन द्वारा जांच कराई जाएगी।

Top