नीमच टुडे न्यूज़ | राज्य सरकार ने प्रदेश के 10.5 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों और 5.5 लाख से अधिक पेंशनर्स को होली से पहले महंगाई भत्ते का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार शाम घोषणा की कि महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद राज्य में केंद्र के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू होगा। सरकारी कर्मचारियों को बढ़े हुए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ जुलाई 2025 से दिया जाएगा। मई में मिलने वाले अप्रैल के वेतन में यह बढ़ा हुआ भत्ता जुड़कर आएगा। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर छह समान किश्तों में दिया जाएगा। पेंशनर्स को 3 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ जनवरी 2026 से मिलेगा। अभी तक प्रदेश में 55% महंगाई भत्ता दिया जा रहा था, जो जनवरी 2025 से प्रभावी था। इससे पहले 1 जुलाई 2024 से 53% महंगाई भत्ता लागू था। सीएम ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इससे 10.5 लाख कर्मचारियों और 5.5 लाख पेंशनर्स को लाभ होगा।