नीमच टुडे न्यूज़ | शहर के सराफा बाजार में दिनदहाड़े हुई सोना चोरी की वारदात का नीमच पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश कर बड़ा खुलासा किया है। जिस मुनीम ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही पूरी घटना का आरोपी निकला। कहावत “घर का भेदी लंका ढाए” इस मामले में बिल्कुल सटीक साबित हुई। नीमच पुलिस द्वारा त्वरित खुलासा किए जाने के बाद सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करने पहुंचे। एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस की तत्परता और कुछ ही घंटों में मामले का पर्दाफाश करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। गौरतलब है कि दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में मुनीम द्वारा लूट की झूठी कहानी रची गई थी, जिसका पुलिस ने जांच के दौरान खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया। मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सराफा व्यापारियों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचने के लिए कीमती सामान लेकर किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति को अकेले न भेजें। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी भेजा जाए तथा पूरे समय उसकी मॉनिटरिंग रखी जाए। एसपी ने व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने की भी सलाह दी। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।