रंग, गुलाल और मस्ती की धूम: चीता खेड़ा में सुबह से शाम तक उड़ी खुशियों की फुहार | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीता खेड़ा, 4 मार्च। रंगों के पर्व होली पर पूरा अंचल बुधवार को खुशी, उमंग और भाईचारे के रंगों में सराबोर नजर आया। सुबह से ही गली-मोहल्लों में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। छोटे-छोटे बच्चे हाथों में पिचकारी और रंग की बोतलें लेकर “बुरा ना मानो होली है” कहते हुए गलियों में दौड़ते दिखाई दिए। कहीं तिलक होली खेली गई तो कहीं रंगों से सराबोर युवाओं की टोलियां ढोल-मस्ती के साथ झूमती नजर आईं। बस स्टैंड पर पारंपरिक कपड़ा फाड़ होली भी उत्साह के साथ मनाई गई। बाजार में रंग-गुलाल और विभिन्न डिजाइन की पिचकारियों की दुकानों पर भी अच्छी रौनक रही। धुलेंडी पर चांदनी चौक, जैन गली सहित कई स्थानों पर महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने मिलकर होली खेली। पूरे दिन गांव में सौहार्द और शांति का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी अलर्ट रही और विभिन्न चौराहों व गलियों में गश्त करती रही। 

Top