आवरी माताजी मंदिर जाने वाला 3.5 किमी मार्ग अधूरा, श्रद्धालुओं और किसानों को हो रही परेशानी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रही चीताखेड़ा–रंभावली 3.5 किलोमीटर सड़क 9 माह बाद भी पूरी नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। अधूरी सड़क के कारण आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले आवरी माताजी मंदिर के चैत्र नवरात्र मेले पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली और घटिया सामग्री के उपयोग के कारण सड़क निर्माण कार्य लगातार लटकता जा रहा है। जगह-जगह गिट्टी और पत्थर डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे वाहनों का चलना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। धूल के गुबार से आसपास की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे किसानों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं ठेकेदार ने मटेरियल की कमी को देरी का कारण बताया है।

Top