नीमच टुडे न्यूज़ | भोपाल मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सकलेचा की जयंती पर बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित विधानसभा के सेंट्रल हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके राजनीतिक व सामाजिक योगदान को याद किया। विधानसभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जावद क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, राजकुमार सकलेचा और विजय कुमार सकलेचा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवान दास सबनानी और विष्णु खत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने बताया कि स्व. वीरेंद्र कुमार सकलेचा का जन्म 4 मार्च 1930 को हुआ था और वे वर्ष 1957 से लगातार 27 वर्षों तक विधायक रहे। वर्ष 1967 में बनी गैर-कांग्रेसी सरकार में वे उपमुख्यमंत्री बने और 1977 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि जावद के लिए यह गर्व की बात है कि देश में भारतीय जनसंघ की पहली राजनीतिक जीत जावद नगरपालिका चुनाव से शुरू हुई थी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. सकलेचा के जनसेवा, अनुशासन और विकास के प्रति समर्पित जीवन को याद किया।