लावारिस अस्थियों को सम्मान देने निकली 24वीं कलश यात्रा, हरिद्वार में होगा विसर्जन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विजिया मित्र मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली लावारिस अस्थि कलश यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। मंडल की 24वीं अस्थि कलश यात्रा 5 मार्च को नीमच सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम से सुबह 8 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजों और गंगा माता व भगवान शिव के भजनों के साथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—बारादरी चौराहा, बड़े बालाजी मंदिर, शीतला माता मंदिर, श्रीराम चौक, घंटाघर चौक और शनि मंदिर होते हुए निकाली गई। इस वर्ष मंडल के 11 सदस्य 11 निराश्रित लोगों की अस्थियां लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार 6 मार्च को हर की पैड़ी पर विधि-विधान से अस्थियों का तर्पण और विसर्जन किया जाएगा तथा जरूरतमंदों को भोजन व दक्षिणा दी जाएगी। यात्रा के दौरान एक कुत्ता भी मुक्तिधाम से लेकर राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम तक लगातार साथ चलता रहा, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। मंडल पिछले 23 वर्षों में करीब 700 लावारिस अस्थियों का गंगा में विधिवत विसर्जन कर चुका है।

Top