जल संरक्षण में जनभागीदारी का मॉडल बना मध्यप्रदेश, केन्द्रीय मंत्री ने की प्रशंसा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की पहल की सराहना की। गुरुवार को जल संचय–जन भागीदारी अभियान की समीक्षा के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी भोपाल से शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है और प्रदेश में 250 से अधिक नदियां प्रवाहित होती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए जल संचय–जन भागीदारी अभियान के तहत राज्य में पहले चरण में 2 लाख 79 हजार जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण किया गया। दूसरे चरण में भी हजारों कार्य प्रगति पर हैं, जिससे प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता के आधार पर जल संरक्षण और सतत जल प्रबंधन में मध्यप्रदेश देश के लिए उदाहरण बन रहा है। उन्होंने बताया कि बांधों की संख्या के मामले में भी मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है और यहां से कई राज्यों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के कलेक्टर वर्चुअली शामिल हुए।

Top