नीमच में जल संरक्षण की मिसाल, जनभागीदारी से बढ़ी तालाबों की जल भराव क्षमता | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 के तहत जनसहयोग से जिले में जल संवर्धन की उल्लेखनीय पहल की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में 243 ग्राम पंचायतों में तालाब, चेकडेम और स्टॉप डेम सहित 1660 जल संरचनाओं को चिन्हित किया गया। इनमें से 982 जल संरचनाओं का गहरीकरण जनसहयोग से कराया गया। इस कार्य के दौरान करीब 1 लाख 38 हजार ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी निकाली गई, जिसे किसानों ने अपने खेतों में डालकर नए खेत तैयार किए।

इस अभियान में 5871 ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गहरीकरण से जल संरचनाओं की जल भराव क्षमता लगभग 4.14 लाख घन मीटर बढ़ी है, जिससे जल संरक्षण के साथ किसानों को उपजाऊ मिट्टी का लाभ भी मिला। अभियान के तहत जिले में 830 खेत तालाबों का निर्माण शुरू किया गया, जिनमें से 510 पूर्ण हो चुके हैं। वहीं 1968 डगवेल रिचार्ज कार्यों में से 1783 पूरे किए गए हैं और 18 अमृत सरोवर भी बनाए गए हैं। वर्ष 2026 में भी अभियान जारी रखते हुए 203 खेत तालाब, 169 जल संरचनाओं का गहरीकरण और 30 नए अमृत सरोवर निर्माण के लिए चिन्हित किए गए हैं।

Top