नाबालिग से कुकर्म के विरोध में चक्काजाम, आरोपी के जुलूस की उठी मांग | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जावद थाना क्षेत्र की नयागांव चौकी अंतर्गत एक 11 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में शुक्रवार को पीड़ित परिवार और समाजजनों ने ग्राम खोर के पास जावद-विक्रम रोड पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उसका जुलूस निकालने की मांग की। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। जावद एसडीएम प्रीति संघवी नाहर, एसडीओपी रोहित राठौर, तहसीलदार नवीन गर्ग, टीआई विकास पटेल और नयागांव चौकी प्रभारी मंगल सिंह सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शाम के समय पुलिस और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च भी निकाला गया।

Top