नीमच टुडे न्यूज़ | फतेहगढ़ एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ में शनिवार को विधायक निधि से निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही कक्षा आठवीं के 47 विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंदसौर विधायक विपिन जैन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। इसके बाद विधायक विपिन जैन ने फीता काटकर टीन शेड का लोकार्पण किया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। अपने संबोधन में विधायक जैन ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को सफलता की कुंजी बताते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के माध्यम से अपने माता-पिता और गुरुजनों के सपनों को साकार कर समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर बीआरसी रामलाल लोदवार और भागवत आचार्य दशरथ शर्मा (भाई जी) ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित छात्र बालकृष्ण सहित ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन देवीलाल सुनार्थी ने किया तथा अंत में शैलेंद्र आचार्य ने आभार व्यक्त किया।