नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर जिला कांग्रेस प्रवक्ता राजनारायण लाड़ ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अनुसार देश में पेट्रोलियम उत्पादों और गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति भी सामान्य है, इसके बावजूद गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना आम जनता पर महंगाई का नया बोझ डालने जैसा है। लाड़ ने बताया कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपए बढ़ाए गए हैं। इसके बाद मंदसौर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 989 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर करीब 2102 रुपए तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों, छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों पर पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी ने इस मूल्य वृद्धि की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से गैस के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग की है।