नीमच टुडे न्यूज़ | कुकड़ेश्वर सुवासरा खुर्द ग्राम पंचायत के अंतर्गत अमेरी गांव में तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ सबसे पहले अमेरी बालाजी मंदिर क्षेत्र में देखा गया, जिसके बाद वह अरावली पहाड़ी स्थित मां शेरावाली खोवाली मंदिर क्षेत्र तक पहुंच गया। दिनदहाड़े तेंदुए की आवाजाही से दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु और राहगीर भयभीत हैं। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए ने अमेरी गांव में एक गरीब परिवार की 74 वर्षीय वृद्ध महिला नानीबाई बलाई मालवीय पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी, लेकिन प्रारंभ में टीम मौके पर नहीं पहुंची। बाद में सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम पिंजरा लेकर रवाना हुई। मामले की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता धीरज नाहटा मौके पर पहुंचे और पत्रकारों को भी अवगत कराया। वहीं मध्यप्रदेश पटेल संघ के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र पटेल ने कहा कि जंगलों में अतिक्रमण और पेड़ों की अवैध कटाई के कारण वन्य जीव भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर आ रहे हैं। उन्होंने सरकार से वन्य जीव संरक्षण और जंगलों को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की।