नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्यप्रदेश रैगर समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रैगर समाज की 5 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम, नीमच में शुरू हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज के बच्चों में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिभा को बढ़ावा देना है। शनिवार को आयोजित पहले तीन मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में बाड़ी ने अठाना को 65 रन से हराया। बाड़ी टीम के अनिल ने 5 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। दूसरे मैच में नेवड ने दूधतलाई को 5 रन से हराया, जिसमें नेवड के राहुल ने 4 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने। तीसरे मैच में बाड़ी ने नेवड को 7 विकेट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मैचों के अंपायर युवराज सिंह राजपूत और अजय चौहरा रहे, जबकि हेमंत आर्य ने कमेंट्री संभाली। प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में बाबूलाल आर्य चंगेरिवाल, सूरजमल बकौलिया, दिलीप कुमार जाबडोलिया सहित कई वरिष्ठ समाजसेवी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में मालवा-मेवाड़ सकल चौकी के 16 टीमें भाग ले रही हैं। आज रविवार को तीन मैच खेले जाएंगे, जिनमें बड़ी और पिपलिया रावजी चीता खेड़ा के बीच पहला मैच तथा बघाना और दाता के बीच दूसरा मैच होगा। तीसरा मैच ग्रुप विजेताओं के बीच खेला जाएगा। किशन जैनवार ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता समाज में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के कौशल को निखारने का अवसर प्रदान कर रही है।