नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवा कार्यों के लिए समर्पित Inner Wheel Club नीमच द्वारा International Women's Day के अवसर पर जाजू गर्ल्स कॉलेज में विभिन्न सेवा प्रकल्पों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संस्था की संस्थापक Margarette Golding के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। संस्था की पूर्व अध्यक्ष डॉ. माधुरी चौरसिया ने बताया कि कार्यक्रम में सीसीसी कमेटी अध्यक्ष संगीता जोशी और कॉलेज प्राचार्य प्रतिभा कालानी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सचिव प्रेरणा शर्मा ने इनर व्हील प्रार्थना का वाचन किया, जबकि स्वागत उद्बोधन अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने दिया।
उन्होंने कहा कि 8 मार्च महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में मनोचिकित्सक डॉ. स्वाति वधवा ने डिप्रेशन जैसी गंभीर समस्या पर छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। महिला दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा जरूरतमंद महिला मांगीबाई को ट्राईसाइकिल तथा एक अन्य महिला को रजिया अहमद परिवार द्वारा सिलाई मशीन प्रदान की गई, जिससे वह अपना रोजगार चला सके। इसके साथ ही श्वेता जोशी, गायत्री जोशी, किरण शर्मा और सीमा शर्मा को उनके संघर्षपूर्ण जीवन और साहस के लिए शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इनर व्हील सदस्य, महाविद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन रजिया अहमद ने तथा आभार अलका चड्ढा ने माना।